बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच तेज हो गई है। मामले में इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को शक है कि वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क को आर्थिक या अन्य मदद पहुंचाने में शामिल हो सकता है...
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच तेज हो गई है। मामले में इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को शक है कि वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क को आर्थिक या अन्य मदद पहुंचाने में शामिल हो सकता है। हालांकि उसकी पहचान और भूमिका को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हथियारों और साजिश से जुड़े लोगों की तलाश
जांच एजेंसियां केवल गोली चलाने वालों ही नहीं बल्कि हथियारों का इंतजाम करने, रेकी करने और आरोपियों को भागने में मदद देने वालों की भूमिका भी खंगाल रही हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध के अन्य आरोपियों से संपर्क और वारदात से पहले व बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है।
गुजरात के सूरत से मिले 2 हथियार और 10 कारतूस
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात के सूरत में छापेमारी कर कथित तौर पर हमले में इस्तेमाल किए गए 2 हथियार और 10 कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत की गई।
बैलिस्टिक जांच से खुलेगी अहम कड़ी
बरामद हथियारों और कारतूसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन हथियारों से चली गोलियां घटनास्थल पर मिले खाली कारतूसों से मेल खाती हैं या नहीं। साथ ही हथियार सप्लाई करने वालों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कथित तौर पर 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई थीं। अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद कार से निकल रहे थे। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक राहगीर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए थे।