1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. 26 घंटे में 3 कत्ल: ट्रेन और अस्पताल में एक्स आर्मी ने तीन को कनपटी पर मारी गोली, UP का ‘साइको किलर’ गिरफ्तार

26 घंटे में 3 कत्ल: ट्रेन और अस्पताल में एक्स आर्मी ने तीन को कनपटी पर मारी गोली, UP का ‘साइको किलर’ गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के चंदौली और वाराणसी में 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने से सनसनी फैल गई। आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र, जो पूर्व सैनिक बताया जा रहा है, ने दो वारदातें ट्रेनों में और एक अस्पताल में अंजाम दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों की कनपटी पर गोली मारता था ताकि बचने का मौका न मिले। अस्पताल में तीसरी हत्या के बाद भागते समय उसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया…

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Three Murders in 26 Hours: उत्तर प्रदेश के चंदौली और वाराणसी में 26 घंटे के अंदर तीन हत्याओं से सनसनी फैल गई। आरोपी चलती ट्रेनों और अस्पताल में घुसकर लोगों की कनपटी पर गोली मारता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र के रूप में हुई है, जो अमृतसर का रहने वाला और पूर्व सैनिक बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक वह 2020 में आर्मी से रिटायर हुआ था। शुरुआती जांच में उसे साइको किलर माना जा रहा है।

पढ़ें :- बागपत में दोस्ती का कत्ल: पत्नी से अवैध संबंध के चलते तीन दोस्तों ने उतारा पति को मौत के घाट

पहली वारदात : पैसेंजर ट्रेन में युवक की हत्या

पहली घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे चंदौली में हुई। गाजीपुर के जमानिया थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला निवासी मंगरू (34) काम की तलाश में कर्नाटक गया था। वहां से लौटकर वह डीडीयू जंक्शन पहुंचा और घर जाने के लिए डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ।

ट्रेन जब अलीनगर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास पहुंची, तभी आरोपी उसके पास पहुंचा और माथे पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही मंगरू सीट से नीचे गिर पड़ा। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आरोपी शव को ट्रेन से नीचे फेंककर ताजपुर गांव के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कूदकर फरार हो गया।

दूसरी वारदात : जम्मू तवी एक्सप्रेस में बाथरूम से लौटते समय गोली

पढ़ें :- अंबेडकरनगर चार बच्चो के हत्याकांड़ का खुलासा: मां नहीं, पड़ोसी निकला कातिल, महिला ने शादी से किया इनकार तो किए 5 मर्डर

दूसरी हत्या रविवार रात करीब 2 बजे वाराणसी में हुई। बिहार के गया जिले के पिपरिया गांव निवासी दिनेश साहू (42) पत्नी के साथ कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस से नैमिषारण्य जा रहे थे। उनके परिवार के बाकी सदस्य जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ट्रेन जब मुगलसराय स्टेशन से पहले ब्लॉक हट-बी के पास धीमी हुई, तभी दिनेश बाथरूम से लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही यात्री दौड़ पड़े। पत्नी भी मौके पर पहुंची तो पति को खून से लथपथ पड़ा देखा।

ट्रेन की स्पीड कम होने का फायदा उठाकर आरोपी नीचे कूद गया। रात 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को उतारा गया। पुलिस को मृतक के पास 15 हजार रुपए नकद और पत्नी के जेवर सुरक्षित मिले, जिससे साफ हुआ कि हत्या लूट के इरादे से नहीं की गई थी।

तीसरी वारदात : अस्पताल में घुसकर महिला को मारी गोली

तीसरी और सबसे सनसनीखेज घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे चंदौली के अलीनगर स्थित जीवक अस्पताल में हुई। बिहार के भभुआ जिले की रहने वाली लक्ष्मीना देवी (55) पैर टूटने के बाद अस्पताल में भर्ती थीं।

पढ़ें :- यूपी में बारात जा रहे दूल्हे को रास्ते में रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग, दुल्हन करती रहीं इंतजार

आरोपी मुंह बांधकर इलाज कराने के बहाने अस्पताल पहुंचा। उसने वीरेंद्र नाम से पर्चा बनवाया, जिसमें डॉक्टर ने दवाइयां भी लिखीं। इसके बाद वह सीधे महिला वार्ड में पहुंचा और बेड पर लेटी लक्ष्मीना देवी की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

ऑटो चालक ने पीछा कर दबोचा

हत्या के बाद आरोपी फायरिंग करता हुआ अस्पताल से भागने लगा। तभी एक ऑटो चालक ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और पकड़ लिया। आरोपी से पिस्टल छीन ली गई। इसके बाद मौके पर जमा भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस को आरोपी के पास से दो पिस्टल मिली हैं। इनमें एक उसके नाम पर लाइसेंसी बताई जा रही है, जबकि दूसरी अवैध है। पूछताछ में उसने तीनों हत्याएं कबूल कर ली हैं।

पुलिस और एजेंसियां खंगाल रहीं बैकग्राउंड

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने ट्रेन में दो और अस्पताल में एक हत्या करने की बात स्वीकार की है। वह बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी करता था। पूर्व सैनिक होने की वजह से अब आर्मी और केंद्रीय एजेंसियां भी उसके बैकग्राउंड की जांच में जुट गई हैं।

पढ़ें :- Video- आम तोड़ने पर पति-पत्नि ने मासूम के हाथ-पैर बांधकर की पिटाई, पुलिस ने दर्ज किया FIR

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...