1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. यूपी में बारात जा रहे दूल्हे को रास्ते में रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग, दुल्हन करती रहीं इंतजार

यूपी में बारात जा रहे दूल्हे को रास्ते में रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग, दुल्हन करती रहीं इंतजार

जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात लेकर दुल्हन के घर जा रहे 25 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव निवासी आजाद बिंद की बारात खेतासराय...

By हर्ष गौतम 
Updated Date

जौनपुर : जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात लेकर दुल्हन के घर जा रहे 25 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव निवासी आजाद बिंद की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जम-जमदहां जा रही थी। दूल्हे की गाड़ी जैसे ही बादशाही बाजार के पास पहुंची, पहले से घात लगाए अपाची बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।

पढ़ें :- बागपत में दोस्ती का कत्ल: पत्नी से अवैध संबंध के चलते तीन दोस्तों ने उतारा पति को मौत के घाट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने बेहद पेशेवर अंदाज में दूल्हे को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन राउंड चली गोलियों में कई गोलियां आजाद को जा लगीं। अचानक हुई इस वारदात से बरातियों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, हमलावर मौके से जौनपुर की ओर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल आजाद को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देर रात तक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है और हर पहलू पर पुलिस की नजर है। उधर, दुल्हन पक्ष के लोग रात करीब साढ़े नौ बजे तक बारात के इंतजार में स्वागत की तैयारी कर रहे थे। जैसे ही दूल्हे की हत्या की खबर पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। दुल्हन और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी का घर पलभर में मातम में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, आजाद की कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से जान-पहचान थी और कुछ लोगों से उसका विवाद भी चल रहा था। यह भी चर्चा है कि उसे पहले से धमकियां मिल चुकी थीं। कुछ लोग इस घटना को प्रेम प्रसंग और शादी से जुड़ी रंजिश से भी जोड़कर देख रहे हैं। आजाद के भाई आकाश ने बताया कि हमलावरों ने गाड़ी को ओवरटेक कर जबरन रोका और सीधे दूल्हे पर हमला कर दिया। पुलिस अब सभी संभावित कारणों—पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और प्रेम संबंध—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पढ़ें :- अंबेडकरनगर चार बच्चो के हत्याकांड़ का खुलासा: मां नहीं, पड़ोसी निकला कातिल, महिला ने शादी से किया इनकार तो किए 5 मर्डर
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...