बिहार के वैशाली जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां ममेरी बहन के साथ प्रेम संबंधों से नाराज सगे मामा ने अपने ही 22 वर्षीय भांजे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने और पहचान मिटाने के लिए शव को तीन टुकड़ों में काटा गया और फिर गंगा किनारे ले जाकर जला दिया गया...
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां ममेरी बहन के साथ प्रेम संबंधों से नाराज सगे मामा ने अपने ही 22 वर्षीय भांजे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने और पहचान मिटाने के लिए शव को तीन टुकड़ों में काटा गया और फिर गंगा किनारे ले जाकर जला दिया गया। पुलिस ने इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मामा को पटना सिटी से गिरफ्तार कर लिया है जबकि वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने बताया कि बीती 30 जून को जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर में पुलिस को एक अज्ञात युवक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ था। शव इस कदर जल चुका था कि पहली नजर में उसकी शिनाख्त करना नामुमकिन था। पुलिस ने जब मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी कड़ियों को जोड़ना शुरू किया तो मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी निवासी 22 वर्षीय युवक के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि युवक की मां का निधन तब हो गया था जब वह महज चार साल का था। मां की मौत के बाद वह अपने ननिहाल में ही रहकर पला-बढ़ा। इसी दौरान उसका अपनी ममेरी बहन के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों के बीच नजदीकियों की भनक जब परिवार को लगी तो घर में भारी विरोध और नाराजगी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक को ननिहाल से निकाल दिया गया जिसके बाद वह काम करने चेन्नई चला गया।
एसपी शुभांक मिश्रा के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य आरोपी ने पूछताछ में कुबूला है कि उसे करीब तीन साल पहले अपनी बेटी और भांजे के रिश्ते की जानकारी मिली थी। उसने कई बार भांजे को समझाने और रास्ते से हटने की चेतावनी दी थी लेकिन दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे। आरोपी मामा का दावा है कि चेन्नई जाने के बाद भी भांजा उसकी बेटी को लगातार फोन करता था और कथित तौर पर कुछ अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। वीडियो भेजने की इसी बात से आक्रोशित होकर मामा ने भांजे की हत्या की पूरी साजिश रच डाली।
साजिश के तहत आरोपी ने पहले भांजे को फोन कर चेन्नई से समस्तीपुर बुलवाया। इसके बाद उसे बातचीत और समझाने के बहाने पटना सिटी स्थित अपने घर पर बुलाया गया जहां दो दिनों तक उसे रखा गया। पुलिस के अनुसार 28 जून को आरोपी मामा अपने कुछ साथियों के साथ भांजे को गंगा किनारे एक सुनसान इलाके में ले गया जहां पहले गला दबाकर उसकी हत्या की गई। इसके बाद कुल्हाड़ी या धारदार हथियार से शव को तीन हिस्सों में काटा गया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की विशेष टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।