योध्या में सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने आए तीन युवक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि SDRF और जल पुलिस की टीमें देर रात तक सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं। जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती इलाके के रहने वाले किशन सोनी अपने दोस्तों के साथ अयोध्या पहुंचे थे...
अयोध्या सरयू हादसा। अयोध्या में सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने आए तीन युवक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि SDRF और जल पुलिस की टीमें देर रात तक सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं। जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती इलाके के रहने वाले किशन सोनी अपने दोस्तों के साथ अयोध्या पहुंचे थे। गुरुवार को किशन का जन्मदिन था, जिसे मनाने के बाद सभी दोस्त लक्ष्मण घाट पर सरयू स्नान के लिए गए। इसी दौरान अभिषेक कुमार सोनी, सुजल और राज गुप्ता नदी में उतरकर नहाने लगे, जबकि किशन घाट पर ही बैठा रहा।
किशन ने बताया कि उसके दोस्त धीरे-धीरे घाट से दूर गहरे पानी की तरफ चले गए। उसने कई बार उन्हें वापस आने के लिए आवाज लगाई, लेकिन तभी अचानक तीनों तेज धारा में फंस गए और डूबने लगे। दोस्तों को बचाने के लिए घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद जल पुलिस और गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े। हालांकि काफी तलाश के बावजूद तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में युवक और ज्यादा गहरे पानी में चले गए, जिससे हादसा और भयावह हो गया। इसी दौरान अमरोहा से आए दो अन्य श्रद्धालु भी डूबने लगे थे, लेकिन जल पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF, जल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे हिस्सों में लगातार तलाश की जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित भट्ट ने बताया कि लापता युवकों की खोज के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सरयू में स्नान के दौरान सावधानी बरतें और तेज बहाव या गहरे पानी की तरफ न जाएं।