1. हिन्दी समाचार
  2. ऑटो
  3. चलती ई-रिक्शा को हैक कर बंद करने वाले 3 चीनी एप्स पर सरकार ने लगाया बैन, कई प्रैंक वीडियो हो रहे थे वायरल

चलती ई-रिक्शा को हैक कर बंद करने वाले 3 चीनी एप्स पर सरकार ने लगाया बैन, कई प्रैंक वीडियो हो रहे थे वायरल

दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ई-रिक्शा चालकों के लिए आफत बने तीन मोबाइल एप BAT-BMS, लॉसिजी और इपोच ली-आयन को सरकार ने एप स्टोर से हटाने का आदेश जारी कर दिया है। आईटी मंत्रालय द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई के बाद भी ये एप फिलहाल प्ले स्टोर पर नजर आ रहे हैं..

By Harsh 
Updated Date

नई दिल्ली। दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ई-रिक्शा चालकों के लिए आफत बने तीन मोबाइल एप BAT-BMS, लॉसिजी और इपोच ली-आयन को सरकार ने एप स्टोर से हटाने का आदेश जारी कर दिया है। आईटी मंत्रालय द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई के बाद भी ये एप फिलहाल प्ले स्टोर पर नजर आ रहे हैं। दरअसल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे थे, जिनमें शरारती तत्व चलते हुए ई-रिक्शा को ब्लूटूथ एप के जरिए अचानक बंद कर दे रहे थे। इस वजह से सड़कों पर न सिर्फ चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया था।

पढ़ें :- यूपी में ट्रांसफार्मर से टकराई कार, 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, 3 घायल

कमजोर सुरक्षा का उठाया फायदा

जांच में सामने आया कि ये एप मूल रूप से चीनी कंपनी शेन्जेन ग्रेनर्जी टेक्नोलॉजी द्वारा सौर ऊर्जा उपकरणों और नावों की लीथियम बैटरियों की निगरानी के लिए बनाए गए थे। इनमें दिए गए पावर कट फीचर का भारत में शरारती तत्वों और ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों ने गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया। ये एप 10 से 15 मीटर के दायरे में उन ई-रिक्शा की बैटरियों को हैक कर लेते थे जिनके ब्लूटूथ मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) में स्थानीय स्तर पर असेंबलिंग के दौरान कोई पासवर्ड नहीं लगाया गया था या फिर 1234 और 0000 जैसा कमजोर डिफॉल्ट पासवर्ड छोड़ दिया गया था।

लेड-एसिड और पासवर्ड वाली बैटरियां सुरक्षित

राहत की बात यह है कि देश के सभी इलेक्ट्रिक वाहन इस गड़बड़ी की जद में नहीं हैं। पुरानी लेड-एसिड बैटरियों वाले ई-रिक्शा और जिन लीथियम बैटरियों में डीलर्स ने मजबूत पासवर्ड सेट किया है उन्हें इन एप से कंट्रोल नहीं किया जा सकता। इसके अलावा कारों का बैटरी सिस्टम मजबूत एन्क्रिप्शन से सुरक्षित होने के कारण पूरी तरह से सेफ है।
इस सुरक्षा चूक को देखते हुए जानकारों ने ई-रिक्शा चालकों को सलाह दी है कि वे तुरंत अपने नजदीकी डीलर के पास जाकर बैटरी के ब्लूटूथ कनेक्शन में मजबूत और यूनिक पासवर्ड सेट करवाएं। साथ ही बीच सड़क पर अचानक रिक्शा बंद होने की स्थिति में घबराने के बजाय इंडिकेटर ऑन करके गाड़ी किनारे लगाने और मुख्य स्विच (MCB) को ऑफ करके दोबारा ऑन करने की हिदायत दी गई है।

पढ़ें :- Video-बाइक समेत नाले में गिरे पिता-बेटी… लोगों ने बचाई जान, नगर पालिका पर उठे सवाल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...