1. हिन्दी समाचार
  2. ख़बरें जरा हटके
  3. Video: नेशनल एथलेटिक्स में बड़ी लापरवाही! एक गायब हर्डल ने तोड़ दिया खिलाड़ी का एशियन गेम्स सपना

Video: नेशनल एथलेटिक्स में बड़ी लापरवाही! एक गायब हर्डल ने तोड़ दिया खिलाड़ी का एशियन गेम्स सपना

भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने खेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तमिलनाडु की युवा हर्डलर हर्षिता को अधिकारियों की एक बड़ी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा, जिसके चलते उनका एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन का सपना टूट गया..

By Harsh Gautam 
Updated Date

भुवनेश्वर: भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने खेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तमिलनाडु की युवा हर्डलर हर्षिता को अधिकारियों की एक बड़ी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा, जिसके चलते उनका एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन का सपना टूट गया।

पढ़ें :- सूर्यकुमार यादव PDA से हैं, इसलिए उन्हें टी20 की कप्तानी से हटाया गया : सपा MLC आशुतोष सिन्हा

महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा की हीट में हर्षिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1:01.03 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला और फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। लेकिन रेस के दौरान एक चौंकाने वाली गलती सामने आई। हर्षिता की लेन में 10 की जगह केवल 9 हर्डल लगाए गए थे।

रेस के दौरान जब हर्षिता ने देखा कि उनकी लेन में एक हर्डल गायब है, तो उन्होंने तुरंत पास की लेन का हर्डल पार कर रेस पूरी की। बाद में जांच में अधिकारियों की गलती साबित हुई, लेकिन इसके बावजूद हर्षिता का समय रद्द कर दिया गया।

इसके बाद अधिकारियों ने हर्षिता को अगले दिन अकेले टाइम ट्रायल दौड़ने का निर्देश दिया। लगातार दूसरी बार दौड़ने और प्रतिस्पर्धी माहौल न मिलने के कारण वह 1:02.54 सेकंड का समय ही निकाल सकीं, जो क्वालिफिकेशन के लिए तय समय से थोड़ा अधिक था। नतीजतन, वह फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

घटना के बाद हर्षिता ने कहा कि अधिकारियों ने गलती मानने के बजाय उन पर ही सवाल उठाए। इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि खिलाड़ियों की मेहनत और सपनों की कीमत आखिर प्रशासनिक लापरवाही की वजह से क्यों चुकानी पड़ती है। एक गायब हर्डल ने न सिर्फ एक रेस का परिणाम बदला, बल्कि एक युवा एथलीट के बड़े सपने को भी झटका दे दिया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...