रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने साफ कहा है कि अब उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की जीत मायने रखती है। 36 वर्षीय भुवनेश्वर मौजूदा आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं और उनके सिर पर पर्पल कैप सजी है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी...
IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने साफ कहा है कि अब उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की जीत मायने रखती है। 36 वर्षीय भुवनेश्वर मौजूदा आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं और उनके सिर पर पर्पल कैप सजी है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट झटके, लेकिन इसके बावजूद आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा।
मैच के बाद प्री कॉन्फ्रेंस में भुवनेश्वर ने कहा कि पर्पल कैप मिलना अच्छी बात है, लेकिन वह अब उस दौर से आगे निकल चुके हैं, जहां सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड और अवॉर्ड मायने रखते थे। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी युवा होता है तो वह व्यक्तिगत पुरस्कार जीतने के बारे में सोचता है, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान टीम के लक्ष्य पर है। अगर टीम के लिए खेलते हुए कोई व्यक्तिगत सम्मान मिलता है तो वह और भी खास लगता है।
भुवनेश्वर ने बताया कि वह सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं और टीम मैनेजमेंट ने उनका लगातार हौसला बढ़ाया है। उन्होंने यह भी माना कि इस सीजन में लगभग हर मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना आसान रहा है। गुजरात के खिलाफ आरसीबी टॉस हार गई और उसे पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी, जहां टीम सिर्फ 155 रन पर सिमट गई।
उन्होंने कहा कि इतने कम स्कोर को बचाने के लिए सिर्फ रन रोकना काफी नहीं था, विकेट लेना जरूरी था। आरसीबी के गेंदबाजों ने पूरी कोशिश की, लेकिन हर मैच में हर विभाग परफेक्ट नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक शानदार बल्लेबाजी की है और एक हार से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता।
वहीं गुजरात टाइटंस की ओर से जेसन होल्डर ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर 2 विकेट लिए, 3 शानदार कैच पकड़े और 12 रन भी बनाए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा कि नीलामी में जेसन होल्डर को टीम में शामिल करने का मकसद ही यही था कि वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दें, और उन्होंने टीम की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए शानदार प्रदर्शन किया।