मेरठ में एकतरफा प्यार की सनक ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती को शादी से इनकार करना भारी पड़ गया। सिरफिरे युवक ने पहले बीच सड़क बाइक रुकवाई, फिर शादी का दबाव बनाया और मना करने पर दो राउंड फायरिंग कर दी...
मेरठ में एकतरफा प्यार की सनक ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती को शादी से इनकार करना भारी पड़ गया। सिरफिरे युवक ने पहले बीच सड़क बाइक रुकवाई, फिर शादी का दबाव बनाया और मना करने पर दो राउंड फायरिंग कर दी। दूसरी गोली युवती के कान के पास जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रास्ता रोककर बोला- मुझसे शादी करो
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की गणेशपुरी चौकी से करीब 300 मीटर दूर अंजुम पैलेस के सामने हुई। घायल युवती अपनी सहेली और उसके पति के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने अचानक बाइक रोक ली और उसकी चाबी निकाल ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने युवती से शादी करने की बात कही। जब उसने साफ इनकार कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सहेली और उसके पति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की।
पहला निशाना चूका, दूसरी गोली कान के पास लगी
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तमंचा निकालकर युवती पर पहली गोली चला दी। युवती झुक गई, जिससे गोली उसे नहीं लगी। इसी दौरान सहेली ने आरोपी को धक्का दे दिया, जिससे वह कुछ पल के लिए गिर पड़ा। उठते ही उसने दूसरी बार फायरिंग कर दी। इस बार गोली युवती के कान के पास लगी और वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। घटना के दौरान आरोपी कथित तौर पर चिल्लाता रहा कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगी तो किसी और से भी नहीं होने देगा। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख वह मौके से फरार हो गया।
सहेली ने सुनाई पूरी वारदात
घायल युवती की सहेली ने बताया कि एक दिन पहले युवती का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद वह उसके साथ ही रुक गई थी। अगले दिन उसका पति दोनों को लेने आया था। तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी ने उन्हें रोक लिया। उसने पहले शादी के लिए दबाव बनाया और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तमंचे से फायरिंग कर दी। पहली गोली चूकने के बाद दूसरी गोली युवती को लग गई। आरोपी ने सहेली पर भी गोली चलाने की कोशिश की लेकिन भीड़ आने पर भाग निकला।
शादीशुदा होने के बावजूद बना रहा था दबाव
परिजनों और सहेली के मुताबिक आरोपी पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद वह लंबे समय से युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वह लगातार उसका पीछा करता और परेशान करता था। युवती बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत करने से बचती रही। किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा।
अस्पताल में जिंदगी की जंग, पुलिस आरोपी की तलाश में
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम का प्रतीत हो रहा है। पीड़िता का इलाज जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।