मौसम विभाग (Meteorological Department) ने यूपी के कई जिलों में अगले तीन घंटों में बारिश का ऑरेज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश (Western Uttar Pradesh) में मुरादाबाद मंडल (Moradabad Division) के कई जिलों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज़ रफ्तार में हवा चलने के साथ गरज-चमक संग बारिश और आसमान में दिन में ही काली घटा छा जाने से अंधेरा हो गया।
लखनऊ। मौसम विभाग (Meteorological Department) ने यूपी के कई जिलों में अगले तीन घंटों में बारिश का ऑरेज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश (Western Uttar Pradesh) में मुरादाबाद मंडल (Moradabad Division) के कई जिलों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज़ रफ्तार में हवा चलने के साथ गरज-चमक संग बारिश और आसमान में दिन में ही काली घटा छा जाने से अंधेरा हो गया। लोगों को इससे गर्मी से भले ही राहत मिली लेकिन काम के सिलसिले में निकले लोगों को घरों और अन्य स्थानों पर कैद हो जाना पड़ा। फिलहाल मौसम विभाग (Meteorological Department) ने इस इलाके के लिए अगले कुछ घंटों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है।
मंडल के मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार सुबह आसमान में घने काले बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरा पसर गया। तेज़ रफ़्तार हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान थोड़ी देर के लिए आवागमन थम गया। पछुआ हवाओं के ट्रफ के रूप में सक्रिय होने और ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार (Cyclonic Circulation) के कारण गरज-चमक के साथ 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली जिससे लोग घरों में कैद हो कर रह गए।
मुरादाबाद में दिन निकलते ही शुरू हुई बारिश ने थमने का नाम नहीं लिया। गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा 12 मई को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी रहेगी। इसके चलते बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रहने की आशंका जताई गई है। तेज अंधड़ और बारिश के कारण सड़क यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है और दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश बंद होने तक जो जहां था वहीं रुक गया। हालांकि इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज़ अंधड़ ने आम बागानों और किसानों की चिंता बढ़ा दी।
प्रशासन ने जनता को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गरज-चमक के समय पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। पर्यटन स्थलों की ओर रुख करने वाले यात्रियों को भी मौसम की सटीक जानकारी लेकर ही सफर शुरू करने का परामर्श दिया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि मौसम के प्रभाव से बचाव के लिए फलों और सब्जियों वाले खेतों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए खेतों में जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने और तेज हवाओं से बचाव के लिये गन्ने जैसी फसलों को एक दूसरे से बांध कर सहारा देने का सुझाव दिया गया है। फिलहाल किसानों को सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव को रोकने की सलाह दी गई है ताकि भारी बारिश और अस्थिर मौसम के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
अगले तीन घंटों में बारिश का कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। इनमें बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, बदायूं जिलों और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा, आंधी (40-60 KMPH) के साथ मध्यम बारिश का दौर और ओलावृष्टि की संभावना है।
इसके साथ ही कासगंज, अयोध्या, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, फ़र्रूख़ाबाद, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, शाहजहाँपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, बदायूं, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, विजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40KMPH) के साथ हल्की बारिश की संभावना है।