अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में एक पुरानी इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उसने एक युवक की जान ले ली। सोशल मीडिया पर लिखी गई एक चुनौती ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और अब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे की...
Ahmedabad: अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में एक पुरानी इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उसने एक युवक की जान ले ली। सोशल मीडिया पर लिखी गई एक चुनौती ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और अब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे की है। 19 वर्षीय मोहम्मद सालिक इम्तियाज हुसैन शेख पर तीन युवकों—रेहान, फैजल पठान और फैजान पठान—ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सालिक ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी डाली थी, जिसमें कथित तौर पर लिखा था, “तुमसे जो हो सकता है कर लो।” इसी पोस्ट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था।
घटना वाली रात आरोपी सालिक के पास पहुंचे और उसी पोस्ट को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि रेहान ने सालिक को पकड़ लिया और उसके दाहिने हिस्से में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए कासिब सैयद भी हमले की चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार, फैजान ने कासिब पर पत्थर से हमला किया, जबकि रेहान ने उसके हाथ पर चाकू से वार किया। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सालिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि कासिब का इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फैजल और फैजान अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वेजलपुर थाने के अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इंस्टाग्राम पोस्ट को भी खंगाला जा रहा है, जिसे फिलहाल रिकवर नहीं किया जा सका है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद कितना पुराना और गंभीर था, और क्या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।