गांव निवासी गंगाराम की पुलिया के पास परचून और मिठाई की दुकान है। दुकान पर पेट्रोल भी बोतलों में बेचा जाता था। परिवार में चार बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा शेरू (30) सबसे छोटा 18 वर्षीय निखिल था। मजले दोनो बेटे साजन और विकास बेंगलूरु में रहते है, और बड़े और छोटे भाई दुकान संभालते है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे निखिल दुकान पर...
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक मामूली घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। नरोईया गांव में दो भाइयों के बीच बाइक को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि छोटे भाई की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी गंगाराम की पुलिया के पास परचून और मिठाई की दुकान है। दुकान पर पेट्रोल भी बोतलों में बेचा जाता था। परिवार में चार बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा शेरू (30) सबसे छोटा 18 वर्षीय निखिल था। मजले दोनो बेटे साजन और विकास बेंगलूरु में रहते है, और बड़े और छोटे भाई दुकान संभालते है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे निखिल दुकान पर बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई शेरू स्प्लेंडर बाइक लेकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह नशे में था और बाइक लेकर पुवायां जाने की जिद कर रहा था।
निखिल ने उसे बाइक देने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि पिता ने साफ मना किया है कि नशे की हालत में बाइक नहीं दी जाएगी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए शेरू ने दुकान से पेट्रोल उठाया और बाइक पर डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में बाइक धू-धूकर जलने लगी।
बाइक को जलता देख निखिल आग बुझाने के लिए पानी लाने लगा, लेकिन शेरू ने उसे रोक दिया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। गुस्से और तनाव में निखिल ने दुकान से पेट्रोल की दो बोतलें उठाईं और खुद पर उड़ेल लीं। इसके बाद वह जलती हुई बाइक के बिल्कुल पास जाकर खड़ा हो गया। आग की लपटें तुरंत उसके शरीर तक पहुंच गईं और वह बुरी तरह झुलस गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में निखिल को अतरौली सीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय पिता गंगाराम पूर्णागिरी तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।