उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 9:30 बजे मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर ड्रमडगंज इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी...
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 9:30 बजे मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर ड्रमडगंज इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां आगे चल रहे एक ट्राले से जा भिड़ीं।
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसमें सवार 9 लोग जिंदा जल गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में एक ही परिवार के 8 लोग और एक ड्राइवर शामिल हैं। शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार मैहर से 8 साल के बच्चे का मुंडन कराकर लौट रहा था। हादसे में उस बच्चे की भी मौत हो गई, साथ ही उसकी मां और अन्य रिश्तेदार भी इस दर्दनाक घटना का शिकार हो गए।
वहीं, स्विफ्ट कार ट्रक और ट्राले के बीच में फंस गई, जिसमें कार चालक की मौत हो गई। इसके अलावा ट्राले के क्लीनर की भी जान चली गई।मामले में एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई और अंदर बैठे लोग चीखते रहे, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी उनकी मदद के लिए पास तक नहीं जा सका।