महाराष्ट्र के पुणे जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भोर तहसील में गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी नानी के घर आई 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी भीमराव कांबले को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने बच्ची...
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भोर तहसील में गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी नानी के घर आई 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी भीमराव कांबले को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास बने तबेले में ले गया। वहां उसने मासूम के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और बाद में पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों की मदद से तबेले में खोजबीन की गई, जहां बच्ची का शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर परिवार और गांव के लोग सदमे में आ गए। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ तबेले की ओर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए भीमराव कांबले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा: देवेंद्र फडणवीस
इस घटना ने पूरे महाराष्ट्र में आक्रोश फैला दिया है। एनसीपी (एसपी) के नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आरोपी को फांसी की सजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाएगी और आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी।
यह घटना मानवता पर कलंक: सांसद सुप्रिया सुले
एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। वहीं शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना है।
घटना के बाद गांव में भारी गुस्सा देखने को मिला। ग्रामीणों ने शुक्रवार रात मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों की मांग थी कि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।