1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय, विजय ने संभाली सत्ता की कमान, एक महिला समेत 9 मंत्रियों ने ली शपथ

तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय, विजय ने संभाली सत्ता की कमान, एक महिला समेत 9 मंत्रियों ने ली शपथ

एक सप्ताह की मशक्कत के बाद आखिरकार तमिलनाडु को मुख्यमंत्री मिल गया। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के संस्थापक और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे...

By Harsh Gautam 
Updated Date

तमिलनाडु:  एक सप्ताह की मशक्कत के बाद आखिरकार तमिलनाडु को मुख्यमंत्री मिल गया। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के संस्थापक और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे।

पढ़ें :- पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व पर फिर मंथन, दिल्ली में खरगे-राहुल संग हुई अहम बैठक, राजा वड़िंग के भविष्य पर सस्पेंस बरकरार

शपथ ग्रहण समारोह में विजय के समर्थकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ जमा हो गई थी। समर्थक पार्टी के झंडे और विजय के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। विजय ने तमिल भाषा में शपथ ली और पहली बार विधायक बनने के साथ ही सीधे मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गए।

पहली बार चुनाव, पहली बार सत्ता

टीवीके ने इस बार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटें जीत लीं। बाद में कांग्रेस, माकपा, भाकपा, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से विजय ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। गठबंधन के कुल विधायकों की संख्या 121 पहुंच गई, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत थी।

सरकार गठन को लेकर पिछले एक सप्ताह से राजनीतिक हलचल तेज थी। कई दौर की बैठकों और सहयोगी दलों से बातचीत के बाद आखिरकार राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद विजय अपने सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे और समर्थन पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

पढ़ें :- PM Kisan Yojana 23th Installment : चेक करें आपके खाते में आए 2000 रुपये, 23वीं किस्त नहीं आई तो आप इस हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल

मंत्रिमंडल में नौ चेहरों को जगह

विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना शामिल हैं। दिलचस्प बात यह रही कि पहले मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों को जगह नहीं दी गई और सभी मंत्री टीवीके से ही बनाए गए।

कैबिनेट में सेल्वी एस. कीर्तना अकेली महिला मंत्री हैं। वह शिवकाशी सीट से विधायक हैं और पहले द्रमुक से जुड़े नेताओं के साथ भी काम कर चुकी हैं। राजनीतिक गलियारों में उनके मंत्री बनने की काफी चर्चा रही।

शपथ के दौरान हल्का दिलचस्प पल

समारोह के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। शपथ लेते वक्त विजय निर्धारित शब्दों से आगे कुछ और बोलने लगे, जिस पर राज्यपाल आर्लेकर ने उन्हें बीच में टोकते हुए सिर्फ लिखे हुए शब्द पढ़ने को कहा। इसके बाद विजय ने मुस्कुराते हुए दोबारा शपथ पूरी की।

पढ़ें :- BJP दूसरी पार्टियों से नेताओं को खरीदने में व्यस्त, लेकिन आम आदमी बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहा : कांग्रेस चीफ खड़गे

58 साल बाद टूटा द्रविड़ दलों का वर्चस्व

तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि 1967 के बाद पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल का मुख्यमंत्री बना है। पिछले करीब छह दशकों से राज्य की राजनीति द्रमुक और अन्नाद्रमुक के इर्द-गिर्द घूमती रही थी, लेकिन इस चुनाव में टीवीके ने दोनों पारंपरिक दलों को बड़ा झटका दिया। राजनीतिक जानकार इसे तमिलनाडु की राजनीति में नई पीढ़ी और नए नेतृत्व के उभार के तौर पर देख रहे हैं। विजय की लोकप्रियता, खासकर युवाओं के बीच, चुनाव में उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...