1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ट्रेन के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करना पड़ा पल्लवी पटेल को भारी, लखनऊ में दर्ज हुई FIR

ट्रेन के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करना पड़ा पल्लवी पटेल को भारी, लखनऊ में दर्ज हुई FIR

यूजीसी रेगुलेशन एक्ट-2026 लागू करने की मांग को लेकर सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शनिवार को लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर प्रदर्शन करती नजर आईं। अपना दल कमेरावादी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचीं पल्लवी पटेल ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़े निरीक्षण यान को रोक दिया और उसके इंजन पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी...

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ: यूजीसी रेगुलेशन एक्ट-2026 लागू करने की मांग को लेकर सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शनिवार को लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर प्रदर्शन करती नजर आईं। अपना दल कमेरावादी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचीं पल्लवी पटेल ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़े निरीक्षण यान को रोक दिया और उसके इंजन पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता ट्रैक पर भी उतर गए, जिससे स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पढ़ें :- लखनऊ में यूजीसी नियमों के विरोध में उतरें सैकड़ों लोग, नेताओं की निकाली सांकेतिक शव यात्रा,बोले- सवर्ण संवैधानिक अछूत

दरअसल, पल्लवी पटेल विधानसभा घेराव की तैयारी में थीं। अलग-अलग जिलों से पार्टी कार्यकर्ता चारबाग स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से बाहर निकलकर जैसे ही प्रदर्शनकारी विधानसभा की तरफ बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद स्टेशन के बाहर नारेबाजी शुरू हो गई। इसी बीच पल्लवी पटेल अचानक स्टेशन परिसर के अंदर चली गईं और उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंच गए।

पुलिस रोकती रही, प्लेटफॉर्म तक पहुंच गए कार्यकर्ता

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार करते हुए प्लेटफॉर्म तक पहुंच गए। वहां मौजूद निरीक्षण यान के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। कुछ कार्यकर्ता इंजन के सामने पटरी पर बैठ गए तो कुछ ट्रैक पर लेट गए। हालात बिगड़ते देख आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर की मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों से इको गार्डन भेजा गया। हालांकि शाम तक सभी को छोड़ दिए जाने की जानकारी सामने आई।

पल्लवी पटेल समेत कई लोगों पर केस दर्ज

पढ़ें :- जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन पर मायावती हुईं आगबबूला, बोलीं- यह मांग कतई भी उचित व देशहित में नहीं

चारबाग आरपीएफ थाने में डॉ. पल्लवी पटेल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति रेलवे परिसर में प्रवेश किया, प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था फैलायी, रेल संचालन में बाधा डाली और यात्रियों को परेशानी में डाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...