सिर दर्द एक आम समस्या है। यह थकान, तनाव, नींद की कमी, पानी की कमी या अन्य कारणों से भी हो सकती है। हर बार सिर में दर्द होने का मतलब माइग्रेन नहीं होता। माइग्रेन और सामान्य सिर दर्द के लक्षणों में बहुत अंतर होता है। ऐसे में दर्द की प्रकृति, उसकी तीव्रता और उसके साथ दिखाई देने वाले अन्य लक्षणों को समझना बहुत जरूरी है।
लखनऊ। सिर दर्द एक आम समस्या है। यह थकान, तनाव, नींद की कमी, पानी की कमी या अन्य कारणों से भी हो सकती है। हर बार सिर में दर्द होने का मतलब माइग्रेन नहीं होता। माइग्रेन और सामान्य सिर दर्द के लक्षणों में बहुत अंतर होता है। ऐसे में दर्द की प्रकृति, उसकी तीव्रता और उसके साथ दिखाई देने वाले अन्य लक्षणों को समझना बहुत जरूरी है।
क्या है सामान्य सिर दर्द?
सामान्य सिर दर्द के सबसे आम प्रकारों में टेंशन-टाइप सिर दर्द शामिल होता है। अक्सर इसमें सिर के दोनों तरफ दबाव या कसाव महसूस होता है। ऐसा भी महसूस हो सकता है कि जैसे सिर पर कोई पट्टी कसकर बांध दी गई हो। यह दर्द हल्का या मध्यम हो सकता है और आमतौर पर रोजमर्रा के काम करने में उतनी परेशानी पैदा नहीं करता। इसके संभावित कारण तनाव, थकान, गलत पोस्चर और नींद की कमी हो सकते हैं।
माइग्रेन के लक्षण सामान्य सिर दर्द से कैसे अलग हैं?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है, जिसमें सिर दर्द के साथ कई अन्य लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। इसमें अक्सर सिर के एक तरफ धड़कता हुआ तेज दर्द होता है। हालांकि यह दर्द दोनों तरफ भी हो सकता है। इसके अलावा शारीरिक गतिविधि, जैसे चलने या सीढ़ियां चढ़ने से दर्द बढ़ सकता है। इसके अलावा मतली, उल्टी, रोशनी और तेज आवाज से परेशानी होना भी माइग्रेन के सामान्य लक्षण हैं। इसके अलावा कुछ लोगों को माइग्रेन का दर्द शुरू होने से पहले आंखों के सामने चमकती रोशनी, टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं या अस्थायी रूप से देखने में परेशानी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसे माइग्रेन ऑरा कहा जाता है। हालांकि, माइग्रेन के हर मरीज को ये संकेत दिखाई नहीं देते।
सामान्य सिर दर्द और माइग्रेन में मुख्य अंतर
दर्द की प्रकृति: सामान्य टेंशन-टाइप सिर दर्द में दबाव या कसाव महसूस होता है, जबकि माइग्रेन में अक्सर धड़कता हुआ दर्द होता है।
दर्द की तीव्रता: सामान्य सिर दर्द हल्का या मध्यम हो सकता है, जबकि माइग्रेन का दर्द मध्यम से गंभीर हो सकता है।
अन्य लक्षण: माइग्रेन में मतली, उल्टी और रोशनी या आवाज से परेशानी हो सकती है।
अवधि: सामान्य टेंशन-टाइप सिर दर्द कुछ समय तक रह सकता है, जबकि वयस्कों में माइग्रेन का एक दौरा आमतौर पर 4 से 72 घंटे तक भी चल सकता है।
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
यदि सिर दर्द बार-बार हो रहा है, उसकी तीव्रता बढ़ रही है या रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लेनी चाहिए। इसके अलावा एकाएक शुरू हुआ बेहद तेज सिर दर्द, सिर दर्द के साथ शरीर के एक तरफ कमजोरी, बोलने में परेशानी, बेहोशी, भ्रम या तेज बुखार के साथ गर्दन अकड़ने जैसे लक्षण हों, तो तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।
साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि केवल दर्द की जगह या तीव्रता के आधार पर माइग्रेन की पुष्टि नहीं की जा सकती। सही पहचान के लिए लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय जांच जरूरी है। बार-बार होने वाले सिर दर्द को नजरअंदाज न करें और समय पर किसी विशेषज्ञ से सलाह लें।